सदर विधायक अदिति सिंह के सराहनीय प्रयास से पीड़ित परिवार को मिली आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये की सहायता, विधवा पेंशन एवं बाल सेवा योजना का भी लाभ
सदर विधायक अदिति सिंह के अनुरोध पर पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।
सदर विधायक अदिति सिंह ने लखनऊ के एक हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उनके परिवार के अत्यंत करीबी स्वर्गीय लालजी सोनकर के निधन के मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लखनऊ प्रशासन से निरंतर संपर्क बनाए रखा। उन्होंने पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हर स्तर पर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
सदर विधायक ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य और जीवन के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा खिलवाड़ को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और यदि जांच में दोष सिद्ध होता है तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कराना प्राथमिकता एवं संकल्प है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत रूप से निवेदन कर पीड़ित परिवार की तत्काल सहायता का आग्रह किया, जिसके फलस्वरूप परिवार को दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता मुख्यमंत्री राहत कोष से उपलब्ध कराई गई। साथ ही शासकीय योजनाओं में विधवा पेंशन तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत 2 बच्चों को प्रतिमाह 2500 रुपये का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ कुमार एवं उपजिलाधिकारी सदर गौतम सिंह सहित सोनकर समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।