सर्वर की समस्या से ठप पड़ी सिटी स्कैन सेवा, मरीजों को बाहर जांच कराने की मजबूरी
सरकारी अस्पताल में लाखों की लागत से लगी मशीन का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा मरीजों को
जिला मुख्यालय स्थित पुरुष अस्पताल के बी-ब्लॉक में सरकार की ओर से लाखों रुपये की लागत से सिटी स्कैन मशीन स्थापित की गई है, ताकि दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को अस्पताल में ही नि:शुल्क सिटी स्कैन की सुविधा मिल सके। लेकिन पिछले काफी दिनों से मशीन की सेवा प्रभावित होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार, सिटी स्कैन मशीन का सर्वर न चलने की वजह से जांच प्रभावित हो रही है। इसके चलते अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को कई बार बिना जांच कराए ही लौटना पड़ता है और मजबूरी में निजी जांच केंद्रों पर सिटी स्कैन करवाना पड़ रहा है।
निजी सेंटरों पर जांच कराने से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों और उनके परिजनों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। मरीजों का कहना है कि सरकार की ओर से नि:शुल्क सिटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराए जाने का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद मरीजों को राहत देना है, लेकिन सेवा नियमित रूप से संचालित न होने के कारण उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पा रहा।
मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि सिटी स्कैन सेवा को नियमित रूप से संचालित कराने के लिए सर्वर की समस्या का जल्द समाधान कराया जाए, ताकि सरकारी अस्पताल में मिलने वाली नि:शुल्क जांच सुविधा का लाभ मरीजों को मिल सके।