एक जनपद एक व्यंजन योजना को लेकर कार्यशाला आयोजित
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ आयोजन
जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना के संबंध में कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य जनपद में चिन्हित पारंपरिक एवं स्थानीय व्यंजनों के समग्र विकास, उत्पादन को बढ़ावा देने, उद्यमियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तथा इनके विपणन एवं ब्रांडिंग को प्रोत्साहित करना रहा।
उपायुक्त उद्योग द्वारा बताया गया कि योजना के अंतर्गत जनपद अम्बेडकरनगर के लिए बालूशाही, चाट, खजला एवं लाल गाजे की गोटी को चिन्हित किया गया है। योजना के तहत उत्पादन, सेवा एवं व्यापार श्रेणी के लाभार्थियों को नियमानुसार वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
वित्तीय सहायता के प्राविधान के अनुसार 25 लाख रुपये तक की कुल परियोजना लागत पर अधिकतम 25 प्रतिशत अनुदान देय होगा। 25 लाख से अधिक एवं 50 लाख रुपये तक की परियोजना लागत पर अधिकतम 20 प्रतिशत अनुदान देय होगा, जबकि 50 लाख से अधिक एवं 5 करोड़ रुपये तक की परियोजना लागत वाली इकाइयों को 10 प्रतिशत अथवा 50 लाख रुपये, जो भी कम हो, अनुदान के रूप में दिए जाने का प्राविधान है।