कांवरियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सिविल डिफेंस मुस्तैद
पोस्ट वार्डन एवं फायर फाइटर लगातार सेवा एवं सुरक्षा व्यवस्था में जुटे
सावन माह के पावन अवसर पर बाहर से आने वाले कांवरियों, स्नानार्थियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर सिविल डिफेंस की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रही। पोस्ट वार्डन-10 एवं वरिष्ठ समाजसेवी राजेश पाठक के नेतृत्व में सेक्टर वार्डन एवं फायर फाइटर लगातार सेवा एवं सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहे।
राजेश पाठक ने सभी स्वयंसेवकों को निर्देशित किया कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा ‘अतिथि देवो भव:’ की भावना से उनकी सेवा एवं सहयोग किया जाए।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला प्राधिकरण एवं नगर निगम प्रयागराज द्वारा सफाई, विद्युत, टॉयलेट एवं पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। जल पुलिस, थल पुलिस एवं सीसी कैमरों के माध्यम से भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। सिविल डिफेंस द्वारा श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क प्याऊ का संचालन भी किया जा रहा है।
ड्यूटी के दौरान उप नियंत्रक सिविल डिफेंस प्रयागराज नीरज मिश्रा ने अचानक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सिविल डिफेंस प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की आंख, नाक और कान के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस दौरान शशांक शेखर ओझा, सतीश कुमार द्विवेदी, अरविंद तिवारी, अनिल द्विवेदी, संजय यादव एवं अवधेश पाठक सहित अन्य स्वयंसेवक मौजूद रहे।