ट्रक की टक्कर से कार के उड़े परखच्चे, 4 युवकों की दर्दनाक मौत
महाराष्ट्र के सतारा में भीषण सड़क हादसा
महाराष्ट्र के सतारा जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। जिले में स्थित शिरवल की सीमा में पुणे–बंगलुरु हाईवे पर सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि करीब एक तेज रफ्तार कार ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, मावल तालुका के कामशेत, तालगांव दाभाड़े और आस-पास के इलाकों के छह युवक एक कार में जा रहे थे। शिरवल में कार ने एक अशोक लेलैंड ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इस हादसे में वेदांत अर्जुन वारिंग (उम्र 19, निवासी तेलगांव दाभाड़े), सोनलिंग धीरेंद्र ठाकुर (उम्र 19, निवासी कामशेत), आदित्य बालासाहब गरुड़ (उम्र 19, निवासी तकवे, ताल. मावल) और निखिल बालू राउत (उम्र 20, निवासी कामशेत) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दीक्षित दयानंद पुजारी और मयूर हनुमंत शिंदे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। घटना की जानकारी मिलते ही शिरवल पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों गाड़ियों को हटाकर हाईवे पर यातायात सामान्य किया गया, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शिरवल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।