तेंदुए का शावक दिखा तो मची भगदड़, लाठी-डंडे लेकर खेतों में पहरा
बछेड़िया गांव में दहशत का माहौल, मां के आसपास होने की आशंका से ग्रामीण सतर्क, वन विभाग की टीम ने शुरू की जांच
अखंडनगर थाना क्षेत्र के बछेड़िया गांव में मंगलवार को तेंदुए का शावक दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। खेतों के पास शावक नजर आने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मादा तेंदुए के भी आसपास होने की आशंका को देखते हुए लोग लाठी-डंडे लेकर निगरानी करने लगे।
सूचना मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हो गई। एसडीएम कादीपुर के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
बताया गया कि बछेड़िया गांव के आसपास खेतों में तेंदुए जैसा एक शावक दिखाई दिया। अचानक शावक दिखने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी। इसके बाद खेतों की ओर जाने वाले रास्तों पर लोग लाठी-डंडे लेकर पहरा देने लगे।
थानाध्यक्ष धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि एसडीएम कादीपुर के निर्देश पर वन विभाग की टीम को मामले की जांच के लिए लगाया गया है। टीम आसपास के खेतों, झाड़ियों और अन्य संभावित स्थानों की जांच कर रही है। तेंदुए की मौजूदगी के संकेतों का पता लगाने के साथ उसके आने-जाने के रास्ते की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
लोगों से कहा गया है कि वे अकेले खेतों की ओर न जाएं और विशेष रूप से झाड़ियों तथा घनी फसल वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके पास जाने, उसे घेरने या पकड़ने का प्रयास न करने की अपील की गई है।